कुछ तो दुश्मनी में भी लिहाज रख मेरा
आख़िर तू दोस्त रहा है कईं बरस मेरा
उसके लिबास से ख़ुशबू मेरी ही आएगी
वो बरसों तलक रहा है मोहतरम मेरा
मुझसे दूर आख़िर तू जाएगा कहाँ
कहकशाँ तक फेला है दस्तरस मेरा
©लोकेश ब्रह्मभट्ट ("मौन" लोकेश)
कुछ तो दुश्मनी में भी लिहाज रख मेरा
आख़िर तू दोस्त रहा है कईं बरस मेरा
उसके लिबास से ख़ुशबू मेरी ही आएगी
वो बरसों तलक रहा है मोहतरम मेरा
मुझसे दूर आख़िर तू जाएगा कहाँ
कहकशाँ तक फेला है दस्तरस मेरा
©लोकेश ब्रह्मभट्ट ("मौन" लोकेश)
लो शाम हुई तेरी यादों के लश्कर आए
दिलों में दर्द मेरी आँखों में समंदर आए
कितनी मुद्दत से हैं उम्मीद में दहलीज़ मेरी
तू अपने पाँवों से इसे छूकर अंदर आए।
तू जो आए तो इसे चैन आ जाये आख़िर
यूँ तो इस दर पर कईं पीर कलंदर आए
आना ना आना ये तो फिर मर्जी है तेरी
मगर आए तो फिर दिल के अंदर आए
वो जो प्यार मांगने आया है तेरे दर पर
उसके दर हाथ फैलाये कईं सिकंदर आए
©लोकेश ब्रह्मभट्ट ("मौन" लोकेश)
मर्द का अपना कोई सपना नहीं होता
वो जीता रहता है अपनों की जिंदगी
और उनके सपने,
बचपन से जवानी तक पूरे करता है
माँ बाप के सपने,
फिर पूरे करता है बीवी के अरमान
और उसकी महत्वकांक्षाओं को,
पूरी करता है बच्चों की ख्वाहिशें,
और जीता हैं उनकी ख़ुशीयाँ
भूल जाता है इतने सब में
की कुछ सपने उसके भी थे कभी,
कोई बकेट लिस्ट बनायी थी उसने भी,
कईं शौक थे उसके जो बचा कर रखे थे
की जब कमाने लगेंगे तब पूरा करेंगे,
जब कमाने लगा तो पूरा करता रहा
बीवी-बच्चों की जरूरतें,
उनके शौक उनके सपने,
और इन्ही सब में गुम हो गए उसके ख़्वाब
जो पूरे ना हो पाये कभी,
मर्द का अपना कोई सपना नहीं होता ।
©लोकेश ब्रह्मभट्ट ("मौन" लोकेश)
कहाँ कहाँ से आते हैं ये जाने वाले लोग
दिल में बसकर दिल को दुखाने वाले लोग
मिले हैं लाखों लोग जिंदगी के सफ़र में
पर वो इक्के दुक्के साथ निभाने वाले लोग
यूँ तो बहुत लोग है रूठने वाले हमसे
हमे चाहिए हम रूठें तो मनाने वाले लोग
सब दोस्तों में चराग लेकर ढूँढ रहा हूँ मैं
वो मुसीबत में मेरा फ़ोन उठाने वाले लोग
रंग बिरंगे पंखों वाली तितलियाँ
सौंदर्य का प्रतीक हैं
इन्हें मारना बेरहमी और क्रूरता की निशानी है।
इन्हीं तितलियों का बचपन यानी लार्वा
बदसूरत और गंदा कीट ।
घिन आती है उसे देखकर भी ।
उसे मारने के लिए
कीटनाशक ईजाद किए गयें हैं ।
इन्हें मारने के आर्गेनिक तरीकों पर
रिसर्च हो रही है ।
किसी कॉकरोच को चप्पल से कुचल देना
वीरता की निशानी हैं ।
पर किसी जुगनूँ को मार देना निर्मम हत्या है ।
अमानवीय हैं ।
चिड़ियाँ, मैना, गिलहरी जैसे जीव
कितने सुंदर और मासूम हैं ।
इन्हें बचाने के लिए अभियान चलाए जा रहें हैं ।
वहीं कोवे अपने काले रंग
और छिपकलियाँ अपनी बदसूरती की
सजा भुगत रहें है ।
हम इंसानों की नैतिकता के पैमाने
रंग और सौंदर्य देख कर तय होते हैं ।
हम इंसान दोगले जानवर हैं ।
©लोकेश ब्रह्मभट्ट ("मौन" लोकेश)
खुदा की किस क़दर इनायत है शुक्रिया अदा करो
हम और तुम उसी की बनावट है शुक्रिया अदा करो
ये जो दुख भरी जिंदगी है जिसका तुम्हें मलाल है
ये लाखों लोगों की इबादत है शुक्रिया अदा करो
ये जो तुम्हें मेरी हर बात से नाखुश रहने की आदत है
ये इश्क़ नहीं है ये शिकायत है शुक्रिया अदा करो
तुम्हें ये कैसा मलाल है की तुम्हें कुछ भी मिला नहीं
जो मिला वो खुदा की बरकत है शुक्रिया अदा करो
सेहत है घर बार है परिवार और दोस्त मयस्सर है
ये परवरदिगार की रहमत है शुक्रिया अदा करो
©लोकेश ब्रह्मभट्ट "मौन"
तुझसे जुदाई, तेरी याद और दिसम्बर
एक तो इतने बुरे हालात और दिसम्बर
याद बहुत आते है वो साथ बिताए पल
तेरे इश्क़ में डूबी रात और दिसम्बर
ये इश्क़ मुकम्मल होना ही था उस रात
वो आख़िरी मुलाक़ात और दिसम्बर
सर्द हवायें, ठंडा कमरा, और हम तुम
मेरे हाथों में तेरा हाथ और दिसम्बर
ज़बसे हम बिछड़े हैं सब सूना सूना है
सूना घर सूने दिन रात और दिसम्बर
© लोकेश ब्रह्मभट्ट "मौन"
नजरिया, वक्त, हालात, दौर, कुछ नहीं बदला
तेरी ज़रूरत बदल गई और कुछ नहीं बदला
परिवर्तन प्रकृति का नियम है, झूठ कहते हैं
वो आज भी है दिलों का चौर कुछ नहीं बदला
वो हुस्न तब भी क़ातिल था आज भी क़ातिल है
होठों से लेकर काजल की कोर कुछ नहीं बदला
बदलना फ़ितरत है जमाने की खैर कोई बात नहीं
हमने तो पैरहन के सिवा और कुछ नहीं बदला
© लोकेश ब्रह्मभट्ट "मौन"
तू मुझको पहचान गई तो
इसमें तेरी शान गई तो
ये जो अपने बीच है अब तक
सारी दुनिया जान गई तो
चाहे सारी दौलत ले लो
मर जाऊँगा जुबान गई तो
रूठने का शोक है तुझको
इसमें मेरी जान गई तो
रूठोगी तो मनाऊँगा नहीं
डर लगता है मान गई तो
© लोकेश ब्रह्मभट्ट "मौन"
तब हर रोज़ तुम्हारे लब पे बस एक नाम हमारा था
मेरा हर एक गीत प्रिये तब तुमको लगता प्यारा था ।
तेरी जुल्फें उड़ती उड़ती मुझसे बातें करती थी
तेरी दोनों आँख का काजल मेरी आँख का तारा था ।
अब तुम जिसके दिलबर हो क्या उसके होकर भी बोलो
याद कभी वो आता है जो तुमको जान से प्यारा था ।
लौटता कैसे ख़ाली हाथ सो लौटा नहीं वो आज तलक
वो पगला जो तेरी खातिर तोड़ने निकला तारा था ।
ख़त और फूल तो छोड़ो मैंने फेंका नहीं है आज तलक
"मौन" वो राह का पत्थर जिसको तुमने ठोकर मारा था |
© लोकेश ब्रह्मभट्ट "मौन"
यक़ीन मानों तुम्हें मेरी ज़रूरत है।
तुम्हें मेरी ज़रूरत है
हर उस चीज़ को बंद करने के लिए
जिसे तुम खुला छोड़ देती हो उपयोग के बाद
चाहे वो कोई ड्रॉवर हो, कोई अलमीरा, कोई डब्बा या दरवाजा
या तुम्हारी आँसू बहाती आँखें और प्यार लुटाता दिल
सब खुले ही रहेंगे मेरे बाद
यक़ीन मानों तुम्हें मेरी ज़रूरत है।
तुम्हें मेरी ज़रूरत है
हर उस गलती के लिए दोषी ठहराने को
जो तुमसे हो जाती है जाने अनजाने में
और तुम मानना नहीं चाहती आदतन
जबकि मन में सब जानती हो।
मैं नहीं होऊँगा तो कौन दोषी होगा इन ग़लतियों का।
यक़ीन मानों तुम्हें मेरी ज़रूरत है।
तुम्हें मेरी ज़रूरत है
तुम्हारे सारे आईडी और पासवर्ड याद रखने के लिए,
जो अक्सर भूल जाती हो तुम।
तुम्हारे एटीएम कार्ड या क्रेडिट कार्ड का पिन हो
या नेट बैंकिंग का प्रोफाइल पासवर्ड
मैं नहीं रहा तो कौन याद दिलायेगा तुम्हें।
यक़ीन मानों तुम्हें मेरी ज़रूरत है।
तुम्हें मेरी ज़रूरत है
तुम्हारी हर चॉइस और डिसिज़न को वैलिडेट करने के लिए
जो तुम पहले से डिसाइड कर चुकी होती हो
पर जबरन मुझसे हाँ करवाती हो की यही सही है
ताकि जब वो ग़लत हो तो मुझे कह सको
की तुम्हारी तो चॉइस ही ख़राब है
किसको कहोगी ये सब मैं नहीं हुआ तो।
यक़ीन मानों तुम्हें मेरी ज़रूरत है।
तुम्हें मेरी ज़रूरत है
जब जब तुम रूठोगी तुम्हें मनाने के लिए
तुम्हारे नाज़ उठाने के लिए
तुम्हारी कमर को बल खाने से बचाने कि लिए
तुम्हारा गुस्सा और चिड़चिड़ाहट
कोन झेलेगा गर मैं ना रहूँगा तुम्हारे पास
यक़ीन मानों तुम्हें मेरी ज़रूरत है।
© लोकेश ब्रह्मभट्ट "मौन"
निगाहें फेर लेती हो तुम कमाल करती हो
जब तुम मेरे होंठों के आगे गाल करती हो ।
एक नजर देख लो जिसको मुड़ कर तुम
बेइंतहा ग़रीब को भी मालामाल करती हो
मैं नहीं लिखता तुम्हारी आँखों को कातिल
पर जो तुम इन नजरों से यूँ हलाल करती हो
तुम्हारे दिल की मासूमियत क्या कहिये
पहले दिल तोड़ती हो फिर मलाल करती हो
वक्त-ए-रुख़सत ख़ुश हुआ वो, दुःख हुआ मुझे ।
उसकी ख़ुशी देखकर कुछ और दुःख हुआ मुझे ।
मैंने उसको दुआ दी थी, ख़ुश रहना उसके साथ
जब सुना वो सच में ख़ुश हैं तो दुःख हुआ मुझे ।
दुश्मनी गहरी थी पर उसको बर्बाद करके फिर
उसके बच्चों की तरफ़ देखा तो दुःख हुआ मुझे ।
मैं दुःखी हूँ ये जानकर की ख़ुश नहीं है वो
वो ख़ुश हैं ये जानकर की दुःख हुआ मुझे ।
© लोकेश ब्रह्मभट्ट "मौन"
Inspired from :
मैं चाहता था मुझसे बिछड़ कर वो ख़ुश रहे,
लेकिन वो ख़ुश हुआ तो बड़ा दुःख हुआ मुझे ।
-उमैर नज़्मी
अंदर से नहीं बस बाहर से देखा मुझको
सब ने अपने अपने चश्में से देखा मुझको
आख़िर उम्र भर का इंतज़ार जाया न गया
उसने जनाज़े को रुकवा के देखा मुझको
तुम जा रहे थे, चले जाते, कोई ग़म ना था
तुमनें क्यूँ जाते हुए पलट के देखा मुझको
अच्छा ! वो पहली नज़र का इश्क़ नहीं था
तो फिर क्यों इतने प्यार से देखा मुझको ।
लोकेश ब्रह्मभट्ट "मौन"
तुझसे बिछड़ कर भी आख़िर मैं, ज़िंदा तो हूँ
तुझसा ख़ुश तो नहीं हूँ चाहे, ज़िंदा तो हूँ
तेरा ग़म भी तेरे वादे जैसा कच्चा निकला
जान नहीं ले पाया मेरी ये, ज़िंदा तो हूँ ।
तेरी माँग को जो बे-सिंदूर देखा उस दिन
चिकोटी काट के देखा मैंने ज़िंदा तो हूँ
शुक्र है तेरे कातिल हुस्न को पर्दे में देखा
इनायत है की दीवाना सही मैं ज़िंदा तो हूँ
© लोकेश ब्रह्मभट्ट "मौन"
ख़ुद पे ही सितम किया इश्क़ किया है
जानते हुए ज़हर पिया इश्क़ किया है
वो डिग्रियाँ गिना रहा था तो मैनें पूछ लिया
वो सब तो छोड़ो मियाँ इश्क़ किया है ?
इतनी बड़ी सजा और इस गुनाह की
कोई क़त्ल नहीं किया इश्क़ किया है
अच्छा तो प्यार के बदले प्यार चाहते हो
अमा कोई सौदा नहीं किया, इश्क़ किया है ।
अल्फ़ाज़ की जरूरत ही नहीं इस शह में
आँखों से होती है बयाँ, इश्क़ किया है
© लोकेश ब्रह्मभट्ट "मौन"
ये जो सारे ख़त-ए-इज़हार रखे है तुमने
मेरे जैसे कितने उम्मीदवार रखे है तुमने
ये मुस्कान ये काजल ये खुले बाल
क़त्ल के कितने हथियार रखे है तुमने
दो नावों पर सवार हो तो फिर भी ठीक
एक नाव पर कितने सवार रखे है तुमने
इश्क़ में एक-दो आशिक़ मरना आम बात है
पूरे पूरे क़बीले मार रखे है तुमने ।
© लोकेश ब्रह्मभट्ट "मौन"
मुझे लगता था
की मेरे सपने भी तुम्हारे होंगे
और जी जान से तुम
मेरे सपने पूरे करने में
अपनी ज़िन्दगी बिता दोगे ।
पर ऐसा होता नहीं,
होना लाज़मी भी नहीं,
सपने तो अपने ही होते हैं
और उनको पूरा करने का दारौमदार
ख़ुद के ही काँधों पर होता है ।
© लोकेश ब्रह्मभट्ट "मौन"
तुम्हारे होने की क़ीमत याद दिलाती है मुझे
मैं वो दीया हूँ
जो बिना बाती के रोशन हुआ चाहता है ।
पर उसको याद नहीं
की वो बिनाई दीये की नहीं
वो तो बाती और तेल की बदौलत
रोशन होती है ।
ग़लतफ़हमी फिर ग़लतफ़हमी ही है
चाहे वो कितनी भी ख़ुशफ़हमी के रूप में आए ।
बेहतर है समय रहते
एहसास हो जाए हकीकत का
और क़ीमत समझ लूँ मैं तुम्हारी ।
© लोकेश ब्रह्मभट्ट "मौन"
कुछ तो दुश्मनी में भी लिहाज रख मेरा आख़िर तू दोस्त रहा है कईं बरस मेरा उसके लिबास से ख़ुशबू मेरी ही आएगी वो बरसों तलक रहा है मोहतरम मेरा ...